अंतिम दिन पारंपरिक सेना प्रशिक्षण अनुष्ठान का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला में एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 182 का समापन शुक्रवार को हुआ। लेफ्टिनेंट कर्नल रविंदर सिंह ने बताया कि शिविर के अंतिम दिन पारंपरिक सेना प्रशिक्षण अनुष्ठान का आयोजन किया गया। सीनियर डिवीजन में महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय अंब की कैडेट कविता और राजकीय महाविद्यालय बंगाणा के कैडेट वंश कॉन्गो ने बेस्ट कैडेट का प्रतिष्ठित खिताब जीता। जूनियर डिवीजन में जवाहर नवोदय विद्यालय पेखूबेला की कैडेट तृषा वरहा और उदया कतनोरिया ने यह खिताब हासिल किया। सभी कैडेट्स को खेल, फायरिंग, ड्रिल, मैप रीडिंग, वाद-विवाद, पोस्टर पेंटिंग, टेंट पिचिंग, गार्ड और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पदक और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। शिविर के समापन समारोह में राजकीय महाविद्यालय अंब और खड्ड के विद्यार्थियों ने भंगड़ा, धुसाड़ा स्कूल का गिद्दा और राजकीय महाविद्यालय अंब और बंगाणा की नाटी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। एनसीसी एटीसी 182 के आयोजन में योगदान के लिए सभी एएनओ को एनसीसी स्मृति चिह्न से सम्मानित किया गया। समापन संबोधन में लेफ्टिनेंट कर्नल रविंदर सिंह ने कैडेट्स को जीवन में शिविर के अनुभवों को आत्मसात करने और समय प्रबंधन सहित सीमित संसाधनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का संदेश दिया।