अंब/बड़ूही (ऊना)। खेल मैदानों के रखरखाव और युवाओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए युवा समाजसेवी पुनीत कुमार प्रिंस और युवाओं की टीम ने पहल की है।
बरसात के कारण अंब खेल मैदान में दोबारा उगी घास और झाड़ियों को रोटरी स्लेशर मशीन की मदद से साफ करवाया गया। इसके अलावा टकारला स्कूल के खेल मैदान की भी सफाई करवाई गई।
पुनीत कुमार ने बताया कि करीब एक माह पहले भी युवाओं ने अंब खेल मैदान की मैनुअल सफाई की थी। इसके बाद लगातार हुई बारिश से मैदान में फिर घास और झाड़ियां उग आईं। इससे खिलाड़ियों और मैदान में आने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। समस्या को देखते हुए टीम ने रोटरी स्लेशर मशीन मंगवाकर पूरे मैदान की सफाई करवाई।
उन्होंने बताया कि टकारला स्कूल के खेल मैदान को भी साफ करवाया गया है, ताकि विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों और अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। पुनीत ने कहा कि उनका प्रयास केवल सफाई तक सीमित नहीं है। आने वाले समय में अंब खेल मैदान के चारों ओर लोगों के बैठने के लिए बेंच और ओपन एयर जिम स्थापित करवाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि खेल मैदान युवाओं के लिए महत्वपूर्ण स्थान हैं। इनके रखरखाव की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं बल्कि समाज की भी है।