फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिशु को छूने से पहले हाथ अवश्य धोएं : वर्मा

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी व चिकित्सा अधीक्षक ने दी जानकारी
विज्ञापन

क्षेत्रीय अस्पताल में राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जिला स्तरीय राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. संजीव कुमार वर्मा तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया की ओर से किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उपस्थित जनसमूह को बताया कि 15 नवंबर से 21 नवंबर तक ज़िले में नवजात शिशु देखभाल सप्ताह मनाया जा रहा है, जो जीवन के शुरुआती दिनों में शिशुओं को आवश्यक देखभाल के बारे में जागरूकता बढ़ाने हेतु समर्पित है। उन्होंने बताया कि नवजात शिशु की देखभाल में स्वच्छता और सावधानी अत्यंत आवश्यक है। शिशु को छूने से पहले हाथ अवश्य धोएं। शिशु को उठाते, गोद में लेते या लिटाते समय उसके सिर और गर्दन को सहारा दें। नाभिनाल को सूखा और साफ रखें तथा उस पर किसी भी प्रकार का लेप न लगाएं। गर्भनाल के सूखने और गिरने तक बच्चे को स्पंज बाथ ही दें, उसके बाद ही स्नान करवाएं।जन्म के एक घंटे के भीतर मां का दूध पिलाना प्रारंभ करें तथा छह माह तक केवल स्तनपान ही करवाएं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने कहा कि शिशु का नियमित और पूर्ण टीकाकरण करवाना जरूरी है। यदि शिशु अत्यधिक चिड़चिड़ा हो, दूध ठीक से न पी रहा हो, उल्टी या बुखार हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल स्वास्थ्य) डॉ. ऋचा कालिया, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, बीसीसी समन्वयक कंचन माला, स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका रघुवीर कौर, ममता और पायल पुरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में हिमकैप्स नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं ने भी भाग लिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें