बुधवार को हुआ मृतक का अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना/थानाकलां(ऊना)। उपमंडल बंगाणा के जसाना निवासी अभि कीर्ति उर्फ नीतीश की मौत के मामले में बुधवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान ऊना सदर थाना पुलिस की टीम भी टांडा में मौजूद रही। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर को मृतक का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में कर दिया गया। इस मामले में ऊना पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के दो चिकित्सकों के खिलाफ उपचार में लापरवाही बरतने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 106(1), 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि सोमवार रात नीतीश कुमार गांव में बरसात के दौरान फुटपाथ पर फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें पहले प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल बंगाणा ले जाया गया, जहां से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने समय रहते सही उपचार नहीं किया। मंगलवार को युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर रोष प्रदर्शन किया और चिकित्सकों के खिलाफ पुलिस को शिकायत सौंपी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। इस बीच अस्पताल प्रबंधन ने भी आंतरिक जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है। मृतक की पत्नी मधु बाला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि नीतीश की मौत चिकित्सकीय लापरवाही के कारण हुई। वहीं, स्थानीय निवासी अरविंद कुमार, नानक चंद और सुशील कुमार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं भविष्य में दोहराई न जाएं। थाना प्रभारी ऊना सदर गौरव भारद्वाज ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।