वीडियो में बुरी तरह लहूलुहान नजर आया पीड़ित युवक, तीन दिन से नहीं चला पता कहां है पीड़ित
परिजनों ने थाना सदर पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
पुलिस ने एक युवती सहित चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय के साथ लगते अपर अरनियाला के 20 वर्षीय युवक को अगवा करने का मामला सामने आया है। अगवा करने वाले युवकों ने एक गाड़ी में युवक के साथ मारपीट भी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें पीड़ित युवक बुरी तरह से लहूलुहान नजर आ रहा है। अगवा करने वाले युवक उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। पीड़ित युवक के परिजनों ने बुधवार को ऊना पुलिस थाना में पहुंचकर आक्रोश जताया। परिजनों ने पुलिस के पास दी शिकायत में अपर अरिनयाला के दो युवकों, भडोलियां गांव की एक युवती, रायपुर सहोड़ा के एक युवक, अपर कोटला के एक युवक और अजनोली के एक युवक पर उनके बेटे को अगवा करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद की गई युवती सहित कुछ अन्य युवाओं को हिरासत में ले लिया, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश भी दी है।
जानकारी के अनुसार बीते 23 फरवरी को कुछ युवकों ने अपर अरनियाला निवासी हरदीप (20) को एक गाड़ी में अगवा कर लिया। गाड़ी में युवक के साथ मारपीट भी की गई। इसका शातिरों ने वीडियो भी बना लिया। वीडियो में हरदीप बुरी तरह से लहूलुहान दिख रहा है और युवक उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद आरोपी उसे कहीं ले गए, लेकिन मामले को तीन दिन बीतने के बाद भी हरदीप का कहीं कोई पता नहीं चल पाया है। गाड़ी में युवक के साथ मारपीट करने वाले युवकों ने वीडियो गांव के ही एक युवक के मोबाइल फोन पर भेज दिया। वहीं, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऊना पुलिस थाना की टीम ने युवक की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन युवक का कहीं अता-पता नहीं चल पाया है। वहीं, पुलिस ने शिकायत में नामजद की गई युवती सहित कुछ अन्य युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पता लगाने में जुट गई है कि युवक को अगवा कर कहां लेकर गए हैं और युवक को कहां पर रखा गया हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में नामजद की गई युवती और कुछ अन्य युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने इस संबंध में धारा 140(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।