चौंतड़ा (मंडी)। विकास खंड चौंतड़ा की ग्राम पंचायत गोलवां के अजय कुमार को यूथ नेशनल वॉलीबाल टीम का असिस्टेंट कोच नियुक्त किया गया है। हाल ही में ओडिशा के भुवनेश्वर में 15 से 20 मार्च तक आयोजित यूथ नेशनल पुरुष वॉलीबाल प्रतियोगिता में अजय ने भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अजय कुमार वर्तमान में न्यू दिशा विशाल आर्य पब्लिक स्कूल, चौंतड़ा में वॉलीबाल प्रशिक्षक (कोच) के रूप में कार्यरत हैं और लंबे समय से युवाओं की प्रतिभा को निखारने में लगे हुए हैं। इस नई जिम्मेदारी और राष्ट्रीय स्तर की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अजय कुमार ने कहा कि उनका लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के भविष्य को खेल के माध्यम से संवारना है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी और सफल प्रतिनिधित्व के बाद अजय कुमार को चौंतड़ा क्षेत्र के खेल प्रेमियों, स्थानीय निवासियों और स्कूल प्रबंधन की ओर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है।