ऊना। जिले में आम औा नींबू-संतरा उगाने वाले किसान फसल का बीमा कराने के लिए जल्द से जल्द नजदीकी बैंक शाखा में जाकर आवेदन करें। उद्यान विभाग ऊना के उप-निदेशक डॉ. सुभाष चंद ने कहा कि मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत आम का बीमा कराने के लिए 20 दिसंबर तथा नींबू-संतरे की फसल का बीमा कराने के लिए 14 फरवरी तक आवेदन किया जा सकता है।
डॉ. सुभाष ने कहा कि जिला ऊना में योजना के तहत आम की फसल के लिए बीमा कवर 21 दिसंबर से 30 जून तक मिलेगा। नींबू-संतरा आदि की फसल के लिए बीमा कवर 15 फरवरी से 30 जून तक दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आम के एक पेड़ के लिए कुल प्रीमियम 620 रुपए है, जिसमें से 31 रुपये प्रति पेड़ किसान को चुकाने होंगे। नींबू और संतरा आदि के लिए प्रीमियम 495 रुपये। इसमें से किसान को 24.75 रुपये प्रति पेड़ प्रीमियम देना होगा। उन्होंने कहा कि योजना के तहत 50:50 प्रतिशत और प्रीमियम केंद्र और राज्य सरकार वहन करती है।
उप निदेशक ने कहा कि किसानों को अप्रत्याशित घटनाओं जैसे की बाढ़, सूखा, जलभराव, ओलावृष्टि आदि से होने वाले फसल को नुकसान की स्थिति में मुआवजा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसान बीमा से संबंधित कोई भी जानकारी के लिए उप निदेशक कार्यालय के फोन नंबर 01975-223235 पर संपर्क कर सकते हैं या फिर अपने इलाके के विषय वाद विशेषज्ञ (एसएमएस) से भी बात कर सकते हैं।