फोटो - मुबारिकपुर में विजेता के साथ कमेटी सदस्य
मुबारिकपुर (ऊना)। 27 साल बाद मुबारिकपुर में दंगल का आयोजन कर ग्रामीणों ने क्षेत्र की पुरानी कुश्ती परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।
लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस ऐतिहासिक दंगल को लेकर गांववासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी अखाड़े में पहुंचे और पहलवानों का तालियों के साथ हौसला बढ़ाया।
फाइनल मुकाबले में डगोह के सुशील कुमार टिंकू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दंगल का खिताब अपने नाम किया जबकि होशियारपुर के सुरमु उपविजेता रहे।
दंगल की खास बात यह रही कि स्थानीय छोटे बच्चों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। बच्चों की प्रस्तुतियों और कुश्ती के प्रति उनके उत्साह ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस दंगल ने 27 साल पुरानी परंपरा को फिर से जीवित करने के साथ गांव की एकजुटता की मिसाल पेश की।