ऊना। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में 7 सितंबर को ऊना में आयोजित होने वाली एंटी चिट्टा वॉकथॉन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने वीरवार को इंदिरा स्टेडियम का दौरा किया और आयोजन स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसपी सचिन हिरेमठ, एसडीएम अभिषेक मित्तल, सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर प्रतिभागियों के प्रवेश एवं निकासी, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 7 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इंदिरा स्टेडियम ऊना से एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ वॉकथॉन में शामिल होंगे। प्रस्तावित रूट के अनुसार वॉकथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से आरंभ होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी। उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की एंटी चिट्टा शपथ भी दिलाएंगे और युवाओं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि वॉकथॉन का उद्देश्य युवाओं को चिट्टे एवं अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वॉकथॉन में कक्षा नौवीं से लेकर कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य रूप से शामिल किया जा रहा है। पुलिस विभाग द्वारा यातायात एवं कानून-व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।