मरवाडी (ऊना)। नंगल जरियाला के सरकारी जंगल से खैर के पेड़ काटकर लकड़ी की तस्करी के मामले में आरोपी को अदालत ने रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में रविवार को पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को अंब की उपमंडलीय अदालत में पेश किया। कोर्ट ने एक आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। जबकि, एक अन्य आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसका मामला जुवेनाइल कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया है। बता दें कि दौलतपुर चौक पुलिस ने रविवार को चलेट गांव में लगाए गए नाके में आरोपियों को अवैध खैर की लकड़ी के 21 मोछे के साथ पकड़ा था। मामले में मौके से फरार दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपी नंगल जरियाला के जंगल से खैर के पेड़ों का अवैध कटान कर लकड़ी पंजाब ले जाने की फिराक में थे। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।