अंब/ऊना। चुरुड़ू में हुई चोरी की वारदात के आरोपी सलामदीन उर्फ काका निवासी तलवाड़ा, होशियारपुर पंजाब को पुलिस ने अदालत से दो दिन का रिमांड प्राप्त किया है। आरोपी को शिवपुर चोरी मामले में पांच दिन का रिमांड खत्म होने के बाद सोमवार को अंब अदालत में पेश किया गया, जहां उसे चुरुड़ू में हुई एक अन्य चोरी के मामले में दो दिन का पुलिस रिमांड प्रदान किया गया।
आरोपी सलामदीन बीते 29 जून को चुरुड़ू निवासी रविंद्र कुमार के घर में चोरी की वारदात में संलिप्त था। आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर रविंद्र कुमार के घर में रखे बहुमूल्य आभूषण और सामान चुरा लिया था, जिसमें किट्टी सेट, अंगूठियां, चेन, टिक्के, पायल और अन्य कीमती सामान शामिल थे।
इसी प्रकार गगरेट पुलिस ने भी चोरी के एक आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां उसे पांच दिन का पुलिस रिमांड प्रदान किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी से जुड़ी गिरोह की जानकारी प्राप्त करने की कोशिश करेगी। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने पुष्टि की कि चुरुड़ू मामले में आरोपी को दो दिन और गगरेट मामले में आरोपी को पांच दिन का रिमांड प्रदान किया गया है।