संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। ऊना के धरूही आरक्षित वन क्षेत्र में खैर के तीन पेड़ों को काटकर लकड़ी चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि बाद में सभी आरोपी जमानत पर रिहा हो गए। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई एक इनोवा और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। साथ ही चोरी की गई खैर की लकड़ी भी बरामद की गई है। मामला बीते दिसंबर माह का है। वन विभाग की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। 12 दिसंबर की रात जब वन विभाग के कर्मचारी सूरी और धारगुज्जरां बीट में गश्त पर थे तब उन्होंने जंगल में दो संदिग्ध वाहनों को खड़ा देखा। वन कर्मियों को देखकर ये वाहन मौके से भाग गए। अगले दिन की गई जांच में वन क्षेत्र के भीतर खैर के तीन पेड़ कटे हुए पाए गए, जिनकी लकड़ी गायब थी। वन विभाग के अनुसार इन पेड़ों की अनुमानित कीमत लगभग 2.85 लाख रुपये है। जांच के दौरान पुलिस ने सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से पुष्टि की कि संदिग्ध वाहन थपलां क्षेत्र के हैं और वारदात वाली रात उसी मार्ग से गुजरे थे। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लकड़ी और दोनों वाहन बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।