पुलिस के अनुसार, छात्रा ने शिकायत में बताया कि 23 सितंबर को स्कूल से छुट्टी के बाद वह छोटी बहन के साथ स्कूल गेट के पास स्थित दुकान पर पेन और कॉपी लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार उसे हाथ पकड़कर दुकान के पास बने कमरे में ले गया और दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। छात्रा के अनुसार, आरोपी पहले भी उसके साथ अश्लील हरकतें कर चुका था। घटना के दौरान छात्रा की छोटी बहन कमरे के बाहर मौजूद थी। करीब 20-25 मिनट बाद बहन के दरवाजा खटखटाने पर आरोपी ने दरवाजा खोला। इसके बाद छात्रा बाहर आई।
बताया गया है कि छात्रा की छोटी बहन ने स्कूल की शिकायत पेटी में पत्र डालकर दुकानदार द्वारा उसकी बहन को चॉकलेट देने और एक दिन कमरे में ले जाने की जानकारी दी थी। शिकायत मिलने पर अध्यापकों ने छात्रा से पूछताछ की, जिसके बाद उसने घटना की जानकारी दी। छात्रा ने बाद में अपनी मां को भी मामले से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि दो अक्तूबर को छात्रा अपने माता-पिता के साथ बंगाणा थाना पहुंची, जहां उसका बयान दर्ज किया गया। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।