बड़ूही बाजार चौक की हालत दिन-प्रतिदिन होती जा रही है बदतर
कार्रवाई न होने पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत ऊना-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बड़ूही बाजार की हालत दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। यह चौक अब हादसों का केंद्र बन चुका है। आए दिन यहां सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनका मुख्य कारण तीखा मोड़, वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोड टिपरों से गिरने वाली बजरी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ूही चौक से बजरी से ओवरलोड टिपर दिन-रात तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे न केवल हादसे का खतरा बढ़ता है, बल्कि बाजार में रोजाना अफरा-तफरी का माहौल रहता है। वीरवार सुबह हुई ताजा घटना में दो मोटरसाइकिल सवार बजरी पर फिसलकर सड़क पर जा गिरे। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि उनकी मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिपरों से गिरने वाली बजरी सड़क पर बिखर जाती है, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसल जाते हैं।
स्थानीय दुकानदारों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह चौक अब दुर्घटना जोन बन चुका है और ओवरलोड टिपरों की आवाजाही पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। दुकानदारों ने बताया कि कई बार मीडिया के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय निवासी मुनीश नंबरदार, दुकानदार अश्वनी गुप्ता, शाहरुख खान और सतीश मेहता ने बताया कि रोजाना सुबह और शाम के समय टिपरों की लंबी कतारें तेज रफ्तार से चौक पार करती हैं। इससे न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है, बल्कि बजरी उछलकर आसपास की दुकानों और पैदल यात्रियों को भी नुकसान पहुंचाती है।
ग्रामीणों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड टिपरों पर सख्त कार्रवाई की जाए। तीखे मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत बोर्ड लगाए जाएं तथा बड़ूही बाजार को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर नियमित गश्त बढ़ाई जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।