मैहतपुर चौकी ने चडीगढ़ से बरामद की कार।
- फोटो : Una
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय मुख्य सड़क पर आठ दिसंबर को राहगीर को रौंदकर फरार हुए कार चालक को पुलिस ने वाहन समेत चंडीगढ़ से दबोच लिया गया है। कार चालक की पहचान शैलेंद्र कुमार निवासी 41-ए चंडीगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार चालक को इंडस्ट्रियल एरिया से दबोचा गया। एसपी दिवाकर शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। यातायात प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि फरार कार चालक तक पहुंचने में मुख्य बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई। आठ दिसंबर को इस मार्ग से गुजरे तमाम वाहनों की पड़ताल की गई।
सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के बाद उक्त वाहन नंबर तथा उसके जाने के समय का मिलान किया गया। इसके बाद उक्त कार चालक तक पुलिस टीम पहुंच सकी। निर्मल सिंह के मुताबिक आठ दिसंबर की देर शाम धर्मशाला-चंडीगढ़ रोड पर मैहतपुर मुख्य सड़क पर कपूर मोटर के नजदीक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे एक राहगीर को टक्कर मारी थी। इससे राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक की शिनाख्त सुधीर कुमार उम्र 30 साल निवासी मुरादाबाद यूपी के रूप में हुई थी। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।