ऊना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ऊना इकाई द्वारा महाविद्यालय में की गई फीस वृद्धि के विरोध में शुरू की गई क्रमिक भूख हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही।
विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक आदित्य राणा ने बताया कि पिछले आठ दिनों से विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं लेकिन अभी तक महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से फीस वृद्धि को लेकर कोई ठोस एवं संतोषजनक निर्णय सामने नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाले किसी भी निर्णय को विद्यार्थी परिषद स्वीकार नहीं करेगी और छात्रहित में अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में प्राचार्य का घेराव किया और उन्हें कुछ समय तक उनके कार्यालय में जाने से रोका।
कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी मांगों को लेकर प्राचार्य के समक्ष विरोध दर्ज करवाया गया। इस दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने फीस वृद्धि को वापस लेने तथा अन्य लंबित छात्र मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। स्थिति को देखते हुए महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा पुलिस को बुलाया गया।
इसके बाद पुलिस की मध्यस्थता में प्राचार्य को उनके कार्यालय तक जाने दिया गया। हालांकि, पुलिस की मध्यस्थता के बावजूद फीस वृद्धि को लेकर कोई तत्काल अंतिम समाधान नहीं निकल पाया। एसएचओ सदर ऊना गौरव भारद्वाज 15 के करीब पुलिस जवानों के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचे।
महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को चार दिन का समय दिया गया है। प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि इस अवधि में फीस वृद्धि के संबंध में निर्णय लेने की प्रक्रिया की जाएगी। विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया है कि वह प्रबंधन द्वारा लिए जाने वाले निर्णय का इंतजार करेगी लेकिन केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।