ऊना। मीडिया वाले तो बाहर ही जाओ आप, यह हमारी इंटरनल बैठक है। यह शब्द हैं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के। शुक्रवार को उद्योग मंत्री ने डीआरडीए हाल ऊना में ठीक 12:00 बजे के करीब अवैध खनन संबंधित गतिविधियों को लेकर प्रमुख अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की।
अभी बैठक को शुरू हुए चार मिनट ही हुए हैं कि मंत्री हर्षवर्धन चौहान पहले अधिकारियों के परिचय के दौरान जिला वन अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित होने पर गुस्सा हो गए और आरओ ऊना से बैठक में न आने का कारण जाना। इसी बीच अवैध खनन पर बीते वर्ष कम हुई चालान संख्या पर अधिकारियों पर तल्ख हो उठे। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2022 में 461 चालान अवैध खनन पर बताए गए और वर्ष 2023-24 में 350 रह गए। इस पर उन्होंने खनन अधिकारी से चालान की संख्या कम होने का कारण पूछा, इतने में जवाब आता तो मीडियाकर्मी भी अधिकारियों की इस सुस्त कार्यप्रणाली पर लग रही लताड़ को कवर करने लगे, इतने में चिंतपूर्णी विधानसभा के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने मीडिया कवरेज न करने को कहा, उनके बोलते ही मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी मीडियाकर्मियों से बोलने लगे कि अगर आप ने कवर फोटो आदि कर लिए हों तो जाएं अन्यथा यह हमारी इंटरनल मीटिंग है। इस पर मौजूद मीडियाकर्मी सभा स्थल से बाहर आ गए।
यहां सवाल यह भी उठा कि जब बैठक जिला में हो रहे अवैध खनन को लेकर हो रही है और गलत को रोकने के लिए हो रही है, तो मीडिया के माध्यम से उसके अंदर और बाहर छिपी बातों का जगजाहिर होने से परहेज क्यों? बहरहाल सभी मीडियाकर्मी ठीक बैठक शुरू होने से पूर्व मंत्री महोदय के स्वागत से लेकर बैठक के पहले और शुरू होने के बाद 5 मिनट ही यहां रुक पाए और उसके बाद बाहर आ गए। हालांकि इससे पूर्व विश्राम गृह ऊना में उद्योगमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में अवैध खनन पर सवालों के जवाब दिए थे।