घनारी (ऊना)। पुलिस थाना गगरेट के तहत अंबोटा गांव में शुक्रवार को एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। युवक एसी मरम्मत का कार्य करता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार सौरभ निवासी अंबोटा तहसील घनारी जिला ऊना ने पुलिस को शिकायत में बताया कि गांव के व्यक्ति राज बब्बर ने उसे शुक्रवार को एसी ठीक करवाने के लिए अपने घर बुलाया। जब वह उसके घर पहुंचा तो आरोपी ने एसी ठीक करवाने से मना कर दिया। युवक ने कहा कि उसने आरोपी से उसके घर आने व जाने के पैसे मांगे तो व्यक्ति ने पैसे देने से इंकार कर दिया। ज़ब वह घर वापस आने लगा तो आरोपी राज बब्बर व उसकी पत्नी ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।