बणे दी हट्टी में शनिवार दोपहर हुई सड़क दुर्घटना
ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। अंब उपमंडल के बणे दी हट्टी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गगन कुमार निवासी गगरेट अपने दोस्त दिलशाद मोहम्मद निवासी अंबोटा के साथ बाइक पर गगरेट से मुबारिकपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वे बने दी हट्टी के पास पहुंचे, गगन कुमार ने आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक के पिछले टायर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत गगरेट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिलशाद मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गगन कुमार की हालत गंभीर होने के चलते उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया।
पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और बाइक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही।