संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। ऊना निवासी एक महिला ने सोमवार देर शाम गांव पट्टी के निकट नंगल नहर में कूदने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों के देखने पर समय रहते महिला को बचा लिया गया। महिला की पहचान अनिता पत्नी सुरेश कुमार निवासी ऊना के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार महिला ऊना से अपनी स्कूटी पर सवार होकर नंगल के गांव पट्टी पंहुची और नहर किनारे अपनी स्कूटी खड़ी कर नहर में कूदने ही वाली थी कि वहां उपस्थित लोगों ने उसे पकड़ लिया और महिलाओं के सहयोग से सिविल अस्पताल पहुंचाया। महिला ने बताया कि परिवार की ओर से उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
महिला को सिविल अस्पताल पंहुचाने वाली सर्वजीत कौर और पूर्व सरपंच विक्कू ने कहा कि यह महिला नहर में कूदने लगी थी कि लोगों ने उसे कूदने से पहले ही पकड़ लिया। सर्वजीत ने कहा कि महिला ने बताया कि उसके परिवार के लोग उसे परेशान करते हैं। सिविल अस्पताल के चिकित्सक परम प्रताप सिंह ने कहा कि कुछ लोग इस महिला को अस्पताल लेकर आए थे जो मानसिक तौर पर काफी परेशान नजर आ रही है। प्राथमिक उपचार देने के उपरांत छुट्टी दे दी गई। इस दौरान मौके पर पहुंचे एएसआई केशव कुमार ने कहा कि महिला ऊना की रहने वाली है और उसके परिवार को सूचित किया गया था। परिवार के लोग थाने पहुंच गए और महिला को परिवार के हवाले कर दिया गया है। कहा कि महिला मानसिक तौर पर परेशान है।