बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के चडोली गांव में शनिवार दोपहर बाद एक जंगली सांभर गेहूं के खेत में घुस गया। गांववासियों की ओर से खेतों के चारों ओर की गई बाड़बंदी के कारण सांभर बाहर निकलने का रास्ता नहीं तलाश पाया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सांभर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग रामगढ़ रेंज के अधिकारी संदीप ठाकुर, फॉरेस्ट गार्ड तरसेम लाल, वन मित्र सूजल मोदगिल सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक सांभर को बाहर निकालकर जंगल की ओर छोड़ा। रेंज अधिकारी संदीप ठाकुर ने बताया कि जंगली जानवर हरे चारे की तलाश में कई बार आबादी वाले क्षेत्रों और खेतों का रुख कर लेते हैं। इसी कारण सांभर गेहूं के खेत में पहुंच गया था। खेत के चारों ओर बाड़बंदी होने के कारण वह अंदर तो घुस गया, लेकिन बाहर निकलने का सुरक्षित रास्ता नहीं मिलने से भटक गया। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे सुरक्षित जंगल में पहुंचा दिया गया।
बता दें कि शुक्रवार सुबह भी बंगाणा क्षेत्र में जंगली जानवर के हमले में जल शक्ति विभाग में कार्यरत पंप ऑपरेटर रविंद्र कुमार घायल हो गए थे। वह बंगाणा से तलमेहड़ा स्थित घर लौट रहे थे तभी ठठूंह गांव के पास जंगल की ओर भाग रहे जंगली जानवर ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में उनकी बाजू टूट गई थी और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई थीं।