घनारी (ऊना)। गगरेट क्षेत्र की तहसील घनारी के गांव दियोली में शनिवार शाम करीब 6 बजे तूड़ी से ओवरलोड भरा एक ट्रैक्टर सड़क के बीचोंबीच खड़ा हो गया। करीब चार घंटे तक सड़क पूरी तरह जाम हो गई लेकिन न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी दिखाई दिया। लोग घंटों तक परेशान होते रहे। एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं भी प्रभावित होने का खतरा बना रहा लेकिन सिस्टम गहरी नींद में सोता रहा। आने जाने वाले लोगों में भारी रोष है। उनका कहना है कि सड़कों पर नियम-कानून का खुलेआम मजाक उड़ाया जा रहा है लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। लोगों ने एसपी ऊना से तुरंत हस्तक्षेप कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और इस लापरवाही पर लगाम लगाने की मांग की है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ का कहना है कि जल्द ही इस दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे।