जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) पेखूबेला में एक विद्यार्थी की ओर से रैगिंग और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों के बाद संस्थान प्रबंधन ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। प्रबंधन ने कमेटी को जल्द से जल्द सभी पक्षों और पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। उधर, इस मामले में दो फरवरी को आरोपी अध्यापक, विद्यार्थियों और पीड़ित पक्ष की मौजूदगी में बातचीत होगी। इस दौरान मैहतपुर थाना पुलिस के पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे। सभी पक्षों के बयान के आधार पर मामले की आगामी दिशा तय होगी। ध्यान रहे कि मामले में पुलिस थाना मैहतपुर में जिला के एक विद्यार्थी ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बुधवार को शिकायत के आधार पर मिली एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।