ऊना। ऊना-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। बडूही के समीप दिलवां स्थित रेलवे पुल के पास उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब अंब की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक टिपर श्रद्धालुओं से भरे ट्रक से पीछे से जा टकराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब से आए श्रद्धालु मंजी साहिब गुरुद्वारा मैड़ी में माथा टेकने पहुंचे थे और दर्शन उपरांत आनंदपुर साहिब की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान दिलवां में रेलवे पुल के समीप पंजाब नंबर के ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। पीछे से आ रहे टिपर चालक को संभलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल सका और उसकी श्रद्धालुओं के ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टिपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। हादसे में टिपर में सवार एक व्यक्ति बुरी तरह फंस गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। यदि टक्कर और अधिक भीषण होती तो परिणाम अत्यंत भयावह हो सकते थे।
सूत्रों के अनुसार टिपर चालक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से परहेज किया गया।