बुजुर्गों को लंबी कतारों से मिलेगी राहत, प्राथमिकता के आधार पर होगी स्वास्थ्य जांच, अस्पताल प्रबंधन ने जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और व्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय अस्पताल में अब प्रत्येक वीरवार को विशेष ओपीडी संचालित की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार विशेष ओपीडी में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के साथ जरूरी जांच और दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अलग ओपीडी शुरू होने से बुजुर्ग मरीजों को लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
विशेष ओपीडी के सुचारु संचालन के लिए चिकित्सकों और संबंधित स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों से निर्धारित दिन पर अस्पताल पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों की बढ़ती स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह पहल शुरू की गई है।
बॉक्स : अलग से पर्ची काउंटर भी किया स्थापित
क्षेत्रीय अस्पताल में पर्ची काउंटर पर बुजुर्गों के लिए अलग से पर्ची काउंटर भी स्थापित किया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने वरिष्ठ नागरिकाें को इस सुविधा का प्रयोग करने की अपील भी की है।
कोट
क्षेत्रीय अस्पताल में हर वीरवार वरिष्ठ नागरिकों को लिए विशेष ओपीडी का संचालन होगा। इसे प्रक्रिया को शुरू करने के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। -डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना