बंगाणा (ऊना)। पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में पत्रकार वार्ता के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की स्थिति पर राज्य सरकार और क्षेत्र के प्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों में क्षेत्र को दो विधायक मिले, लेकिन कोई भी ठोस विकास कार्य नहीं हो पाया। विकास ठप है और जनता बुनियादी सुविधाओं को तरस रही है।
वीरेंद्र कंवर ने एलान किया कि कुटलैहड़ की अनदेखी के विरोध में भाजपा 22 दिसंबर को हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत जन आक्रोश रैली निकालेगी, जो होटल आशीर्वाद से शुरू होकर एसडीएम बंगाणा कार्यालय तक जाएगी। यहां एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने चेताया कि एक माह में लंबित कार्य पूरे न होने पर बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन वर्षों में क्षेत्र के 14 सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए, जिससे जनता को परेशानी हो रही है। इस मौके पर भाजपा व बीडीसी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।