माता चिंतपूर्णी दरबार में सोने का मांग टीका अर्पित करने पहुंचा देहरादून के सहानी परिवार। स्रोत
भरवाईं (ऊना)। उत्तराखंड के देहरादून से आए श्रद्धालु प्रियंका सहानी और सुमित सहानी के परिवार ने शनिवार को माता चिंतपूर्णी देवी के दरबार में अपनी गहरी आस्था प्रकट की। उन्होंने एक सोने का मांग टीका अर्पित किया, जिसका वजन 1.650 ग्राम है और बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 20,000 रुपये बताई जा रही है। मंदिर के पुजारी अजय कालिया ने सहानी परिवार के लिए विशेष पूजा-अर्चना की और माता के दरबार में उनकी हाजिरी लगवाई। इस अवसर पर परिवार ने माता रानी की महिमा में भजन भी गाए और संपूर्ण परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। प्रियंका सहानी ने बताया कि उन्हें स्वप्न में माता रानी ने एक कंजक (छोटी बच्ची) के रूप में दर्शन दिए थे। इस स्वप्न के बाद से ही उनके मन में मां चिंतपूर्णी को एक मांग का टीका अर्पित करने की तीव्र इच्छा थी, जो आज शुभ दिन पर पूरी हुई।