दौलतपुर चौक (ऊना)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दौलतपुर चौक की परिसर पार्किंग में अब अनधिकृत वाहन खड़ा करना महंगा पड़ेगा। रोगी कल्याण समिति ने ऐसे वाहनों पर 500 रुपये शुल्क लगाने का निर्णय लिया है।
बुधवार को नगर पंचायत सभागार में हुई समिति की वार्षिक बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 23 लाख 27 हजार 500 रुपये का बजट भी सर्वसम्मति से मंजूर किया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति के चेयरमैन एवं एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम ने की। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज पराशर भी मौजूद रहे।
समिति के सदस्य सचिव डॉ. संदीप नरूला ने वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और आगामी वित्तीय वर्ष के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। पिछले वर्ष समिति का बजट 21.42 लाख रुपये था।
बैठक में अस्पताल की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कार्यों को मंजूरी दी गई। एमसीएच भवन में सीढ़ियां लगाने, फार्मेसी में नया रेफ्रिजरेटर उपलब्ध करवाने और अस्पताल परिसर में चहारदीवारी के कार्य को स्वीकृति मिली।
वार्ड की खिड़कियों पर सुरक्षा ग्रिल लगाने और मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने का प्रस्ताव भी रखा गया। अस्पताल के सेप्टिक टैंक की मरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग को मार्क किया गया है।
बैठक में सीएचसी में नया जनरेटर उपलब्ध करवाने के लिए गगरेट विधायक राकेश कालिया का आभार जताया गया।
समिति सदस्यों ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर से अस्पताल की आवश्यक सेवाएं सुचारु रखने में मदद मिलेगी।