यूनिट स्थापित करने का काम पूरा, औपचारिकताएं पूरी होते ही मरीजों को मिलेगी सुविधा
50 पंचायतों के मरीजों को खून के लिए ऊना नहीं जाना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नागरिक अस्पताल अंब में ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू करने के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। यूनिट शुरू होने से उपमंडल अंब और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर खून उपलब्ध करवाने की सुविधा मिल सकेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को खून की व्यवस्था करने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। खासकर दुर्घटना, प्रसव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में यह सुविधा मरीजों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। वर्तमान में जिले में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में ही ब्लड स्टोरेज यूनिट की सुविधा उपलब्ध है।
अंब अस्पताल में यह सुविधा शुरू होना स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम होगा। उपमंडल अंब की 50 के करीब पंचायतें उपचार के लिए अंब अस्पताल पर ही निर्भर हैं। नागरिक अस्पताल अंब में रोजाना औसतन 200 से 250 के करीब ओपीडी रहती है। अस्पताल में उपचार के दौरान किसी मरीज को खून की जरूरत पड़ने पर परिजनों को इसकी व्यवस्था करने के लिए दूसरे अस्पताल का रुख करना पड़ सकता है। इससे समय और संसाधन दोनों खर्च होते हैं। आपातकालीन स्थिति में खून की व्यवस्था करने में लगने वाला समय मरीज के उपचार को भी प्रभावित कर सकता है।
ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू होने से दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, प्रसव के दौरान रक्त की आवश्यकता वाले मामलों और अन्य गंभीर परिस्थितियों में उपचार करने वाले चिकित्सकों को मदद मिलेगी। जरूरत पड़ने पर अस्पताल में उपलब्ध रक्त का इस्तेमाल किया जा सकेगा। यूनिट शुरू करने की प्रक्रिया तेज होने से क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। अब लोगों की निगाहें इसके संचालन और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सुविधा शुरू होने पर टिकी हैं।
कोट
नागरिक अस्पताल में अंब में ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित हो चुका है। इसके संचालन को लेकर औपचारिकताएं पूरी होते ही इसका लाभ मरीजों को मिलना शुरू हो जाएगा।
-डॉ. राहुल कतना, खंड चिकित्सा अधिकारी अंब