भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी-तलवाड़ा बाईपास के पास निर्माणाधीन भवन के लेंटर की शटरिंग गिरने से तीन मजदूर बुरी तरह से जख्मी हो गए। उन्हें घायलावस्था में चिंतपूर्णी अस्पताल में पहुंचाया गया। सभी घायल राजस्थान के रहने वाले हैं। वह पिछले कई सालों से चिंतपूर्णी में दिहाड़ी-मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार तलवाड़ा बाईपास पर एक भवन का निर्माण कार्य चला हुआ था। इसमें कुछ मजदूर लेंटर की शटरिंग खोल रहे थे। अचानक ही लेंटर की शटरिंग गिरने से काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए। इस दौरान वहां हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने शटरिंग के नीचे फंसे तीन घायल मजदूरों को बाहर निकाला और फौरन चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डा. सुनील ने बताया कि मौके पर तीन लोग उनके पास आए हैं, जिसमें संतोष नाम के मजदूर के माथे पर ज्यादा चोटें लगी हैं। उसे चार टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा गोबिंद और सिकंदर को भी पैर, बाजू और मुंह पर मामूली चोटें आई हैं। इन लोगों का एक्सरे करवाने के बाद प्राथमिक उपचार किया गया है। उन्होंने बताया कि उपचार के के बाद इन लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।