ऊना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना ने जिला स्तर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया। स्वामी विवेकानंद समान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जिला भर से बड़ी संख्या में छात्रों ने परीक्षा दी। जिला संगठन मंत्री राहुल शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता प्रदेश भर में करवाई गई, जिसमें प्रदेश भर में 23,542 छात्रों ने भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया। उन्होंने बताया कि रविवार को जिला भर में लगभग 2000 के करीब स्कूली छात्रों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि एबीवीपी हर वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन करवाती है। उन्होंने बताया कि ऐसी परीक्षाओं का आयोजन स्कूली छात्रों को प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। राहुल शर्मा ने बताया कि परीक्षा का परिणाम नवंबर के पहले सप्ताह में घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अव्वल रहे छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में विभिन्न स्कूलों के 114 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। यह जानकारी एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष सुमित सिंह ने दी । उन्हाेंने बताया कि उक्त प्रतियोगिता का आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए किया गया और टापर्स को शीघ्र ही जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ एबीवीपी के इकाई महासचिव संदीप कुमार, गौरव ,संदीप, आशुतोष, पंकज सांगरा, मनीश, रजनी, श्रुति, प्रियंका इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित थे।