ऊना। क्षेत्र के समीपवर्ती गांव बरनोह में रविवार दोपहर पेश आए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि, उसका पति और पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार समूरकलां पंचायत के सौड़ गांव निवासी गुरतेग सिंह अपनी पत्नी नीलम देवी और पांच साल की पुत्री साक्षी के साथ बरनोह में अपने निजी काम से कहीं जा रहे थे। बरनोह में ही वह बाइक को रोड से नीचे उतारकर कुछ देर के लिए खड़े हो गए। इसी दौरान ऊना से हमीरपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार नंबर एचपी 22ई 3600 ने गलत दिशा में जाकर मोटसाइकिल को जोरदार टक्कर दे मारी। इससे नीलम देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गुरतेग सिंह और उनकी पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें फौरन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां नीलम को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि गुरतेग सिंह को नाजुक हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया है। जबकि हादसे में घायल बच्ची को उपचार के बाद परिजन घर ले गए हैं। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।