संतोषगढ़ (ऊना)। पीएनबी बैंक के एटीएम को तोड़कर 29 लाख की लूट करने वाले शातिरों ने हाईटेक तरीके से एटीएम मशीनों को तोड़कर कैश पर हाथ साफ किया है। संतोषगढ़ एवं मैहतपुर में पीएनबी बैंक के एटीएम से 29 लाख की लूट करने वाले शातिरों के फिंगर प्रिंट भी मशीनों पर मिल पाने की संभावना कम ही नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि एटीएम मशीनों को तोड़ते वक्त शातिरों ने अपने मुंह एवं हाथों को पूरी तरह से ढक रखा था। धर्मशाला स्थित फोरेंसिक लैब से घटनास्थल पहुंची टीम के सदस्यों का भी मानना है कि एटीएम को निशाना बनाते वक्त शातिरों ने अपने हाथों में दस्ताने पहन रखे हाें। हालांकि जांच के लिए पहुंची टीम ने मौके से फिं गर प्रिंटस के कुछ नमूने भी इकट्ठे किए हैं, जिन की जांच की जा रही है।
क्या कहते है बैंक प्रबंधक
पीएनबी बैंक की संतोषगढ़ शाखा के प्रबंधक डीआर नेगी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को देखने से साफ है कि एटीएम को तोड़ते वक्त दोनों शातिरों ने अपने मुंह एवं हाथ ढके हुए थे।
क्या कहते हैं फोरेंसिक विशेषज्ञ
फोरेंसिक लैब से एटीएम मशीनों की जांच करने पहुंचे रजत चौधरी का कहना है कि हो सकता है कि संतोषगढ़ एवं मैहतपुर स्थित बैंक के एटीएम मशीनों से लूट करते वक्त शातिरों ने अपने हाथों में ग्लब्स पहन रखे हों। उन्होंने कहा कि कुछ फिंगर प्रिंट के नमूने जांच के लिए जमा किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।