अंब (ऊना)। अंब चौराहे पर नशे में धुत ट्रैक्टर चालक को अंब थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ढिल्लो ने उस वक्त पकड़ा जब वह उलटे-सीधे तरीके से ट्रैक्टर को चलाते हुए मुबारिकपुर से नादौन मार्ग की तरफ जा रहा था। उसी वक्त अंब राजकीय स्कूल के बच्चे छुट्टी होने के बाद घरों को लौट रहे थे एवं रोड पर काफी भीड़ थी। पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर को रोक कर जब चालक का एल्को मीटर से मुआयना किया तो पाया कि उसने काफी शराब पी रखी थी। पुलिस ने तुरंत उक्त चालक के परिजनों को मौके पर बुला लिया। मामले के चलते पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल करवाया और ट्रैक्टर जब्त कर लिया है। एसएचओ गुरदीप सिंह ढिल्लो ने बताया कि किसी को भी कानून व्यवस्थाओं के साथ खिलवाड़ की छूट नहीं दी जाएगी। ऐसा करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।