गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के दियोली में शनिवार देर रात्रि कांग्रेस समर्थकों और एक आजाद प्रत्याशी के समर्थकों के बीच मारपीट का तांडव हुआ। जिसमें एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया है। लोगों की ओर से बीच-बचाव किए जाने के बाद दोनों पक्षों को अलग थलग किया जा सका। इसके बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता ने गगरेट थाना पहुंच मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात्रि गगरेट विस क्षेत्र के गांव दियोली में कांग्रेस पार्टी के समर्थक और एक अन्य प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। गगरेट पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 323, 506, 341, 34 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। दियोली निवासी सतविंद्र कुमार ने बताया कि एक अन्य प्रत्याशी के 3-4 समर्थकों ने उस समय हमला कर दिया, जब वह बूथाें पर कांग्रेस पार्टी के पोलिंग एजेंटाें के संदर्भ में चर्चा कर रहे थे। पुलिस थाना गगरेट के अतिरिक्त थाना प्रभारी राम दास ने बताया कि पुलिस ने सतविंद्र की शिक ायत पर मामला दर्ज कर लिया है।