अमर उजाला ब्यूरो
भरवाईं/चिंतपूर्णी(ऊना)। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र के नौवें दिन और संक्रांति के अवसर पर मां के दरबार में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर में लंबी-लंबी लाइनें में खड़े श्रद्धालु माता रानी के दर्शनों के लिए इंतजार करते दिखे।
मंदिर में शनिवार रात से श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर को आधा घंटा बंद करके रात एक बजे ही खोल दिया। श्रद्धालुओं की डबल लाइनें सुबह-सवेरे ही लगनी शुरू हो गई थी। जो सुबह नौ बजे तक मेन बाजार को पार कर मोगा सरायं के आगे तक चली गई। भीड़ को देखते हुए एसडीएम अंब एस तारुल रविश, मंदिर अधिकारी जीवन कुमार, थाना प्रभारी जगवीर ठाकुर खुद भीड़ को नियंत्रित करने व लाइन व्यवस्था बनाने में जुट गए।
मेले में सुरक्षा कर्मियों ने व्यवस्था बनाने में पूरी ताकत झोंक दी। सुहावने मौसम ने भी श्रद्धालुओं का खूब साथ दिया। कतारों में लगे श्रद्धालुओं धूप न होने के कारण आरामपूर्वक लाइनों में खड़े रहे। भारी भीड़ के चलते चोर दरवाजों पर पूरी तरह से मंदिर प्रशासन ने प्रतिबंध लगाया हुआ था। दर्शन पर्ची के जरिए श्रद्धालुओं को माथा टेकने के लिए भेजा गया। भीड़ ज्यादा होने के कारण मां के भक्तों को माता रानी के दर्शनों को तीन से चार घंटे लगे।
रविवार शाम तक 40 हजार श्रद्धालु मां के दरबार में हाजिरी लगा चुके थे।
रविवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की जेबे काटते हुए चार जेबकतरों को पुलिस ने मौके पर ही धर दबोचा। मेला अधिकारी एसडीएम अंब एस तारुल रविश ने बताया कि संक्रांति के दिन श्रद्धालुओं की काफी ज्यादा भीड़ थी। इसके बावजूद मेला प्रशासन ने बेहतर व्यवस्था बनाने में कड़ी मशक्कत की।