भरवाईं/चिंतपूर्णी (ऊना)। शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में नवरात्र मेले के दूसरे दिन पहले दिन के मुकाबले कम श्रद्धालु पहुंचे। वीवार को करीब 8 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में हाजिरी भरी।
मंदिर न्यास श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ख्याल रख रहा है। मेला क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर दिख रही है। दर्शन पर्ची के जरिए ही श्रद्धालुओं को लाइनों में भेजा रहा है। दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए बैरियर पर मंदिर न्यास की एंबुलेस 24 घंटे मौजूद है। मंदिर प्रशासन के प्रयासों से दिव्यांग, बुजुर्ग श्रद्धालुओं को लिफ्ट के जरिए मंदिर भेजा जा रहा है। ऐसे श्रद्धालुओं को मंदिर अधिकारी माता रानी की चुन्नी भी भेंट कर रहे हैं। अगस्त में लिफ्ट के जरिए करीब 5,763, सितंबर में 3506, अक्तूबर में अभी दो नवरात्रों में 250 के करीब दिव्यांग श्रद्धालुओं को लिफ्ट से मंदिर तक भेजा गया है।
मंदिर प्रशासन ने लिफ्ट का दुरुपयोग रोककर जरूरतमंद के लिए जरूरी बना दिया है ताकि, दिव्यांग श्रद्धालुओं की लिफ्ट की सुविधा सबसे पहले मिल सके। लुधियाना के श्रद्धालु सर्वजीत, कैलाश ने बताया कि वे चलने में असमर्थ हैं लेकिन मंदिर प्रशासन की सहायता से वे माता रानी के दर्शन कर पाए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए मेन प्वाइंट पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। टूरिस्ट बसों को भरवाईं में ही रोका जा रहा है। मंदिर अधिकारी अवनीश शर्मा ने बताया कि दूसरे दिन आठ हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। दिव्यांग श्रद्धालुओं को मंदिर तक ले जाने के लिए लिफ्ट की सुविधा के लिए मंदिर कार्यालय या कंट्रोल रूम में संपर्क किया जा सकता है।