ऊना। पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश में कूड़ा-कचरे के बेहतर निष्पादन के लिए प्रथम चरण में 10-15 पंचायतों के समूह में 10 कूड़ा-कचरा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जमीन हस्तांतरित होते ही सबसे पहला संयंत्र ऊना जिला की झलेड़ा पंचायत में स्थापित किया जाएगा। वीरेंद्र कंवर मंगलवार देर सायं झलेड़ा स्थित हिल व्यू कॉलोनी में जन समस्याएं सुनने के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कूड़ा-कचरे के निष्पादन के लिए कांगड़ा जिला की आइमा पंचायत में ऐसा संयंत्र स्थापित किया जा चुका है। अब प्रदेश में इसी मॉडल के आधार पर संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य नेटवर्क को मजबूत करने के लिए सरकार ने जहां प्रदेश में एम्स दिया है तो, वहीं हमीरपुर, नाहन, चंबा, मंडी में मेडिकल कॉलेज तथा ऊना में पीजीआई का सेटेलाइट केंद्र स्वीकृत किया है। इसके अलावा ऊना में पासपोर्ट केंद्र खोला गया है। इस मौके पर बड़सर के भाजपा नेता राकेश बबली, मंडल अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, महामंत्री तरसेम लाल, पूर्व आईपीएस अधिकारी आरएम शर्मा, सोसाइटी के प्रधान विनोद शर्मा, झलेड़ा पंचायत प्रधान मोनिका कपिला, प्रधान रायेंसरी परस राम, बलजीत सिंह, डीएसपी कुलविंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण डीएस देहल, सहायक अभियंता डीआर कतना, नायब तहसीलदार कुलदीप धीमान, तहसील कल्याण अधिकारी कुलदीप दयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वीरेंद्र कंवर ने स्थानीय लोगों की मांग पर हिल व्यू कॉलोनी के बच्चों व बुजुर्गों की सुविधा के लिए चिल्ड्रन व ओपन जिम की स्थापना को दो लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। इसके अलावा कॉलोनी में एक बिजली ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया है तथा दूसरा जल्द बदल दिया जाएगा।