ऊना। जिले में भारी बारिश के बाद से खड्डें उफान पर हैं। इससे लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों को भी शिक्षा ग्रहण करने के लिए जान जोखिम में डाल कर बहते पानी से जाना पड़ रहा है। ऐसा ही आलम ऊना विस के झूड़ोवाल खूई गांव का है।
स्कूली बच्चे यहां जान जोखिम में डालकर उफनती खड्ड पार करके शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर हैं। इससे हर समय बड़ी अनहोनी का भय बना रहता है। छात्रों को रोजना जूते उताकर खड्ड पार करनी पड़ती है। स्कूल के एकमात्र रास्ते पर लंबे अरसे पुल का निर्माण चल रहा है। लेकिन अभी तक पुल का निर्माण नहीं हो सका।
निर्माण कार्य की कुछआ चाल क्षेत्र के लोगों सहित रोजाना स्कूल जाने वाले नन्हे मुन्हे छात्रों पर भारी पड़ रही है। बरसाती मौसम के चलते पेखूबेला-झूड़ावाल के बीच गुजरने वाली खड्ड उफान पर रहती है। इससे लोगों की मुसीबतें और बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सबसे बड़ी परेशानी छात्रों को स्कूल भेजने में आती है। लोगों ने सरकार से क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कार्य को पूरा करवाने की मांग की है। जिससे सालों से समस्या झेल रहे लोगों को राहत मिल सके।