नंगल/टाहलीवाल। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के एक उद्योग का माल लेकर जा रहे दो ट्रकों में नंगल डैम चौक पर तोड़-फोड़ हुई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल का असर नंगल में भी दिखने लगा है। ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल के कारण बाहर से आने वाला माल नहीं आ रहा। इससे आम जनता को परेशानी हो रही है। नंगल में वीरवार देर रात हालात यह रहे कि जरूरी वस्तुओं की भी कमी शहर में खलने लगी है। लुधियाना, जालंधर व दिल्ली जैसे बड़े शहरों से आने वाला सामान वहीं डंप होकर रह गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अगर कोई अपने निजी ट्रकों से सामान लाने या ले जाने का प्रयास करता है तो स्थानीय ट्रक ऑपरेटर तोड़-फोड़ पर उतारू हो जाते हैं। नंगल में भी देर रात ऐसा ही मामला सामने आया है, जब जिला ऊना के औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के एक उद्योग का माल लेकर जा रहे दो ट्रकों में नंगल डैम चौक पर तोड़-फोड़ हुई। जब उक्त ट्रकों के ड्राइवरों ने अपने ट्रक भगाने का प्रयास किया तो दोनों ट्रक आपस में भिड़ गए। इससे दोनों ट्रकों को नुकसान पहुंचा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन उक्त ट्रक चालकों द्वारा शिकायत दर्ज न करवाने के चलते मामला दर्ज नहीं हो पाया। उधर, ट्रक यूनियन नंगल के अध्यक्ष प्यारा सिंह का कहना है कि ऐसा कोई भी मामला उनके ध्यान में नहीं है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि किसी शरारती तत्व का यह काम हो। उन्होंने कहा कि यूनियन में 20 जुलाई से लगातार हड़ताल जारी है।