2487 महिलाओं को मिलेंगे मुफ्त गैस कनेक्शन
गृहिणी सुविधा योजना से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवार होंगे लाभान्वित
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत ऊना में प्रथम चरण में 2487 पात्रों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। गृहिणी सुविधा योजना हिमाचल सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका शुभारंभ 26 मई 2018 को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला से किया। योजना के अंतर्गत प्रदेश के ऐसे महिला परिवार वाले स्थायी निवासी जिनके पास एलपीजी कनेक्शन नहीं है, उन्हें एक घरेलू एलपीजी कनेक्शन सरकार उपलब्ध करवाएगी। इस योजना में महिलाओं वाले ऐसे हिमाचली परिवार (किसी भी श्रेणी से संबंधित) जिनके पास अपना या किसी भी सरकारी योजना जैसे उज्ज्वला के तहत घरेलू गैस कनेक्शन नहीं हैं, को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, अग्नि, भूकंप प्रभावित परिवारों को भी योजना से लाभान्वित किया जाएगा। उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को संबंधित कार्यकारी दंडाधिकारी की ओर से जारी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। वहीं जिला नियन्त्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ऊना राजीव शर्मा ने बताया कि योजना का लाभ पाने के लिए ग्राम पंचायत या शहरी निकाय कार्यालयों से संपर्क कर सकते हैं।
इन्हें नहीं मिलेगा लाभ
इस योजना के अंतर्गत पहले से एलपीजी गैस कनेक्शन या ऐसे परिवार जिनका कोई सदस्य सरकारी, अर्द्ध सरकारी, स्वायत्त संस्था, बोर्ड, निगम में कार्यरत हो, उन्हें लाभान्वित नहीं किया जाएगा। ऐसे परिवार जिनका कोई भी सदस्य ठेकेदार के नाते सरकार के साथ पंजीकृत है, उन्हें भी लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे परिवार जिनका कोई सदस्य राज्य या केंद्र सरकार, बोर्ड, कॉर्पोरेशन, बैंक, स्वायत्त संस्था से पारिवारिक पेंशन या सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेता हो, उन्हें भी लाभ नहीं मिलेगा।
कैसे मिलेगा लाभ
पात्र परिवारों का चयन संबंधित ग्राम पंचायत या शहरी निकाय संस्थाओं के निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन करना होगा। प्राप्त आवेदन पत्रों को किसी प्रकार आपत्ति के लिए संबंधित पंचायत या शहरी निकाय के नोटिस बोर्ड में 10 दिन के लिए प्रदर्शित किया जाएगा। चयनित पात्र लोगों की सूची को तेल कंपनियों को भेजा जाएगा और निदेशक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले गैस कनेक्शन के लिए धनराशि जारी करेंगे।