ऊना।
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त विकास लाबरू की अध्यक्षता में हुई। लाबरू ने कहा कि ऊना में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट की मरम्मत के साथ समय-समय पर सुधार कार्य सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने जिला में सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जन जागरूकता लाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों की ओर से निर्धारित ट्रैफिक नियमों की अवहेलना से सड़क हादसों का हमेशा अंदेशा रहता है।
कई जिंदगियों को असमय की अपने जीवन से हाथ धोना पड़ता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से सड़क सुरक्षा के प्रति शिक्षण संस्थानों सहित सभी स्टेक होल्डर में व्यापक जन जागरूकता के साथ-साथ वाहन चालकों की ओर से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, प्रेशर हॉर्न बजाने, संगीत बजाने के बारे में जागरूक करने पर बल दिया। अधिकारियों को समय-समय ओवरलोडिंग को लेकर सख्ती से कार्रवाई अमल में लाने के भी निर्देश दिए।
इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के बाहर ट्रैफिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द जेबरा क्रॉसिंग बनाने के संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि सितंबर 2017 से 28 फरवरी 2018 तक पुलिस और परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी पर 34,577 चालान कर पुलिस विभाग के 32,914 और परिवहन विभाग के 1663 चालान शामिल हैं। इससे 15787918 रुपये का जुर्माना वसूला है। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त कृतिका कुलहरी, एसडीएम पृथीपाल सिंह, आरटीओ एमएल धीमान, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा एचआर गुलेरिया, उप निदेशक उच्च शिक्षा भूप सिंह, अधिशाषी अभियंता आरएस चंदेल उपस्थित रहे।