अमर उजाला ब्यूरो
हरोली (ऊना)।
ईसपुर शिक्षा सुधार समिति ने खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया। समिति के सचिव सुच्चा सिंह कंग और प्रवक्ता विजय कुमार शर्मा ने बताया कि एनआरएसटी के तहत खेल प्रतियोगिता में 13 केंद्रों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसमें कबड्डी के मुकाबले में ईसपुर केंद्र ने बाजी मारी। इसी तरह लड़कों के वर्ग में लेमन रेस के मुकाबले में पंडोगा ने तथा लड़कियों के वर्ग में भदसाली की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। बोरा रेस में लड़कों के वर्ग में घनारी की टीम ने और लड़कियों के वर्ग में कुनेरन की टीम ने विजेता कप हासिल किया। लड़कों की 50 मीटर रेस के मुकाबले में ईसपुर और लड़कियों के वर्ग में कुनेरन की टीम ने विजय हासिल की।
इसी तरह 100 मीटर रेस के मुकाबले में ईसपुर की टीम और लड़कियों के वर्ग में कुनेरन की टीम ने विजेता कप हासिल किया। भाषण मुकाबले में घनारी केंद्र, सुलेख में घलुवाल केंद्र, एकल नृत्य में पंडोगा और समूह गान में कुनेरन केंद्र विजेता रहे। इस अवसर पर विजेता टीमों के खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा सुधार समिति के अध्यक्ष चित विलास पाठक, सुच्चा सिंह कंग, विजय शर्मा, शाम सुंदर दत्ता, कृष्ण कुमार लद्दाखी, मोहन सिंह, विशाल पाठक, तारा सिंह, सतपाल उपस्थित रहे।