वन विभाग ने गाड़ी और लेबर शेड से जब्त की लकड़ी
मामले में शेड मालिक महिला के खिलाफ एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। जिले में वन काटुओं पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग ने राउंड दी क्लॉक कार्रवाई तेज कर दी है। बंगाणा, अंब, गगरेट और भरवाईं के सीमावर्ती इलाकों में अभियान जारी है। इसी कड़ी के तहत लडोली में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से रखी खैर की लकड़ी बरामद की है। 80 से अधिक मोछे गाड़ी के भीतर और बाहर शेड में मिले हैं। इसकी बाजार में तीन लाख से अधिक कीमत आंकी जा रही है।
आरओ राहुल ठाकुर ने बताया कि ठठल बीट की वन रक्षक पूनम ढिल्लों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च 2026 को जब वह अपनी टीम के साथ लडोली क्षेत्र में गश्त पर थीं तो उन्होंने वहां एक गाड़ी में खैर की लकड़ी लदी हुई पाई। जांच के दौरान पास ही स्थित एक लेबर शेड से भी भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस शेड में लकड़ी रखी गई थी, वह ग्राम पंजोआ की निवासी व्यक्ति के नियंत्रण में था।
वन विभाग को अंदेशा है कि अज्ञात लोगों ने सरकारी वन भूमि से खैर के पेड़ों को अवैध रूप से काटकर चोरी की है और इस लकड़ी को छिपाने और ले जाने के लिए गाड़ी और शेड का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने शेड मालिक शमीम अख्तर पत्नी सिकंदर हयात, निवासी ग्राम पंजोआ, तहसील अंब और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वन मंडलाधिकारी सुशील राणा का कहना है कि जिले में अवैध पेड़ों के कटान करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही लगातार जारी है। उन्होंने आम जनता से भी इस तरह की गतिविधियां क्षेत्र में नजर आने पर विभाग का सहयोग करने की अपील है ताकि वन संपदा को बचाया जा सके।