अंब(ऊना)। क्षेत्र के निकटवर्ती गांव लढ़ियाल (चक्क) में पुलिस ने शनिवार देर रात नाकेबंदी के दौरान एक कार से अवैध शराब की खेप बरामद की है। पुलिस के तलाशी लेने पर कार से 80 बोतल अवैध देसी शराब बरामद हुई । जबकि, चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं, पुलिस ने कार सहित अवैध शराब की खेप कब्जे में लेकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात को गश्त के दौरान एएसआई महेंद्र सिंह और आरक्षी जसवीर सिंह की टीम ने चक्कसराय की तरफ से आ रही एक कार को तलाशी के लिए रोका। कार चालक ने वाहन को सड़क किनारे लगा दिया। पुलिस के कार की तलाशी लेने से पहले ही कार से उतरे दोनों व्यक्ति मौका पाकर साथ लगते जंगल की ओर भाग गए। पुलिस की तरफ से कार की तलाशी लेने पर उसमें एक कंबल के नीचे छुपाकर रखी सात पेटियों में 80 बोतल देसी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने वाहन के कागजात और मौके पर मौजूद लोगों जानकारी के जरिए आरोपियों की पहचान कर ली है। उधर, डीएसपी अंब मनोज जंवाल का कहना है कि पुलिस ने कार सहित अवैध शराब की खेप कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।