ऊना।
क्षेत्र के धमांदरी स्थित कॉसलाइट औद्योगिक इकाई के कामगार मांगे पुरी न होने पर भड़क उठे हैं। कामगारों ने मंगलवार सुबह कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कामगारों में मंजीत सिंह, गौरव, गौरव पाठक, बलवीर, पठानिया, अजय, अमित, करण, गुरमीत, परमिंद्र आदि ने बताया कि कंपनी प्रबंधन अपनी मनमर्जी करने पर उतारू हैं। कामगारों को अपने हक मांगने पर कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
कंपनी से दो कामगारों को निकाल दिया गया, उनको वापिस रखा जाए। कंपनी में काम करने वाले एक कामगार गणेश की कुछ समय पहले एक हादसे में मौत हो गई थी। कंपनी ने उसके पारिवारिक सदस्यों को कोई सहायता राशि नहीं दी। गरीब परिवार से संबंध रखने वाले परिवार को मदद की मांग करने गए कामगारों को कंपनी प्रबंधकों ने निकाल दिया जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंपनी में काम करने वाले कुछेक कामगारों को एक साल पूरा होने के बाद भी कन्फर्म नहीं किया गया है जबकि कर्मचारियों का बोनस भी रोक रखा है।
कर्मचारियों को मिलने वाली पदोन्नति भी नहीं दी गई जिससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी लंबे अरसे से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं लेकिन कंपनी सिर्फ नाममात्र कागजी कार्रवाई कर रही है। आज के समय में कम मानदेय में गुजारा करना मुश्किल हो गया है। श्रम अधिकारी नवीन भी उपस्थित रहे जिन्होंने कामगारों को शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। औद्योगिक इकाई के एचआर मैनेजर सचिन ठाकुर ने कहा कि कर्मचारियों को कंपनी नियमों के अनुसार ही लाभ दिए जाएंगे। मामला उनके ध्यान में है, शीघ्र उचित कार्रवाई की जाएगी। कंपनी में अनुशासनहीनता सहन नहीं की जाएगी। अनुशासन तोड़ने वाले कामगारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।