ऊना। राजकीय महाविद्यालय ऊना ने राज्य स्तरीय खेलों में ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की है। कॉलेज पहुंचने पर विजेता रहे खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. त्रिलोक चंद ने विजेता विद्यार्थियों को भविष्य में भी कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि कॉलेज के 150 खिलाड़ियों ने राज्य और नेशनल स्तर पर पदक जीते हैं। 36 खिलाड़ियों ने अंतर विश्वविद्यालय में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने बताया कि हैंडबाल की चार खिलाड़ियों रजनी, मनजीत, दीपिका और शिखा ने अंतर विश्वविद्यालय हैंडबाल प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया है। त्रिलोक चंद ने महाविद्यालय के छठी बार ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी जीतने पर खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों तथा शारीरिक शिक्षक प्रो. पवन कुमार शर्मा को बधाई दी।