बडूही (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत ग्राम पंचायत बडूही में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। पंचायत घर के समीप स्थित एक चाय की दुकान से अज्ञात व्यक्ति करीब 7000 रुपये चुरा कर भाग गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरनाम चंद, जो पंचायत घर के पास चाय की दुकान चलाते हैं, के यहां दोपहर करीब 12 बजे एक अनजान व्यक्ति ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने पहले दुकान से कुछ सामान खरीदा और बातचीत के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाकर बड़ी सफाई से गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ का कहना है कि अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी जाएगी।