राणा केपी ने किया 80 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह ने मंगलवार को लगभग 80 करोड़ की लागत से नंगल से लेकर अंगमपुर तक के 67 गांवों को पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। 13 अप्रैल 2022 को इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की जाएगी। प्रोजेक्ट को पूरा होने में 10 वर्ष तक का समय लगेगा। इस प्रोजेक्ट के तहत नहर से पानी उठाने लिए बनाए जा रहे ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। वहां से पानी को पूरी तरह स्वच्छ कर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। राणा केपी सिंह ने कहा कि नंगल से अंगमपुर तक के 67 गांवों को पीने का नहरी पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए पंजाब सरकार 80 करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। इस दौरान आठ जगह पानी की टंकियों का निर्माण भी करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल से पानी सप्लाई करने से भूमिगत पानी का स्तर काफी नीचे जा रहा है। नहर का पानी सप्लाई करने के यह समस्या खत्म हो जाएगी और लोगों को पीने का स्वच्छ पानी मुहैया होगा। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. रविंद्र दीवान, हरमिंद्र पाल सिंह, ट्रक यूनियन नंगल के अध्यक्ष प्यारे लाल जसवाल, रमेश दसग्राईं, जिला परिषद की चेयरपर्सन कृष्णा बैंस, पीआरटीसी डायरेक्टर कमल देव जोशी, वीना ऐरी, उमांकांत शर्मा और सुरेंद्र पम्मा इत्यादि भी उपस्थित रहे।