ऊना। ग्राम पंचायत लोअर देहलां में सामुदायिक भवन के नाम पर पांच लाख रुपये का गोलमाल करने के मामले में आरोपी सचिव को शनिवार को निलंबित कर दिया गया है। बहडाला पंचायत सचिव आरोपी रंजीत निवासी बनगढ़ को पुलिस रिमांड के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने आरोपी सचिव को चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के निर्देश दिए हैं।
पंचायत सचिव पर आरोप है कि सामुदायिक भवन के लिए जारी की गई पांच लाख की राशि पंचायत सचिव ने बिना भवन बने ही उपयोगिता प्रमाणपत्र (यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट) तक दे डाला। जिसको लेकर बीडीओ ऊना राज कुमार ने मई 2018 में लोअर देहलां के तत्कालीन और वर्तमान में बहडाला के पंचायत सचिव बनगढ़ निवासी रंजीत के खिलाफ पुलिस को शिकायत सौंपी थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वर्तमान में बहडाला के पंचायत सचिव रंजीत को बुधवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जिला प्रशासन की ओर से आरोपी सचिव रंजीत को निलंबित कर दिया गया। एडीसी अरिंदम चौधरी ने बताया कि पांच लाख के गोलमाल मामले के आरोपी सचिव रंजीत को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी जांच चलने तक आरोपी सचिव को आधा वेतन दिया जाएगा। उधर, एएसपी ऊना विनोद धीमान का कहना है कि पंचायत सचिव आरोपी रंजीत को पुलिस रिमांड के बाद शनिवार को अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने उसे चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के निर्देश दिए हैं।